• Fri. Sep 22nd, 2023

बीते 92 दिनों में छत्तीसगढ़ में 1039.8 मिमी हुई बारिश

Byadmin

Sep 2, 2022

रायपुर
छत्‍तीसगगढ़ में बीते 92 दिनों में 1039.8 मिमी वर्षा हुई है, जो सामान्य से 10 प्रतिशत ज्यादा है। मौसम विभाग के अनुसार इतने दिनों में प्रदेश में 942.1 मिमी वर्षा होनी चाहिए थी। वर्षा के ये आंकड़े एक जून से लेकर एक सितंबर तक के हैं। प्रदेश में अभी तक बीजापुर में सर्वाधिक 2094.6 मिमी वर्षा हुई है और सरगुजा में सबसे कम 501.5 मिमी वर्षा हुई है।

प्रदेश के एक जिले में अति भारी वर्षा, 10 जिलों में सामान्य वर्षा, 11जिलों में ज्यादा वर्षा और पांच जिलों में कम वर्षा हुई है। रायपुर जिले में 772.5 मिमी वर्षा हुई, जो सामान्य से नौ प्रतिशत कम है। संभावना जताई जा रही है कि मानसून इस वर्ष अपने समय से पहले ही विदा हो सकता है। बताया जा रहा है कि इस महीने के आखिर तक दक्षिण पश्चिम मानसून की विदाई हो सकती है।

कहीं तेज धूप तो कहीं जमकर वर्षा

रायपुर सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में अब खंड वर्षा होने लगी है। गुरुवार सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश भर में मौसम सामान्य रहा। वहीं रायपुर के ही कई क्षेत्रों में जमकर वर्षा हुई। मौसम विभाग का कहना है कि इन दिनों मजबूत सिस्टम नहीं बन रहा है। इसके चलते ही वर्षा थोड़ी कम हो रही है। आने वाले दिनों में भी मौसम का मिजाज इस प्रकार ही बना रहेगा। पिछले कुछ दिनों से रात को हो रही जमकर वर्षा के बाद दूसरे दिन सुबह उमस में बढ़ोतरी हो रही है।

यह बन रहा सिस्टम

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि मानसून द्रोणिका समुद्र तल पर उत्तरी बांग्लादेश और असम होते हुए नागालैंड से गुजर रही है। साथ ही एक द्रोणिका श्रीलंका से मध्य मध्य प्रदेश तक 0.9 किमी ऊंचाई तक है। इसके प्रभाव से शुक्रवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *